Sun Sep 05 2010 15:10:03 GMT+0530 (India Standard Time)
ब्रिटेन के अखबार न्यूज ऑफ द वर्ल्ड ने एक और सनसनीखेज खुलासा किया है। अखबार के मुताबिक पाकिस्तान के बल्लेबाज यासीर हमीद ने कबूल किया है कि पाक टीम में कई खिलाड़ी मैच फिक्सिंग में शामिल हैं। हमीद का दावा है कि उसके टीम मेट कोई एक या दो मैच नहीं लगभग हर मैच को फिक्स करने में शामिल थे। हमीद ने अखबार को बताया कि उसे एक बुकी ने मैच फिक्स करने के एवज में डेढ लाख पाउंड यानी लगभग सवा करोड़ की रकम ऑफर की थी।
हमीद का आरोप है कि पाकिस्तान में बुकीज लॉबी इतनी हावी है कि उन्होंने हामिद को टीम से ही निकलवा दिया। हमीद के मुताबिक उसके कई टीममेट्स के पास महंगी गाड़ियां और आलीशान मकान बुकिज से हासिल हुई रकम से ही खरीदी गई। हामिद का कहना है कि उसने 80 मैच खेले हैं और आसिफ ने महज 50 लेकिन वह अब तक एक भी घर नहीं बना पाया है, जबकि आसिफ के पास सिर्फ पाकिस्तान में ही चार आलीशान मकान हैं। लाहौर में आसिफ के घर के बारे में हामिद का कहना है कि इटालियन स्टाइल में बने इस घर में आते ही आपको लगेगा कि आप लाहौर में नहीं इटली में हैं। सिडनी टेस्ट की ओर संकेत करते हुए हमीद ने इल्जाम लगाया कि इस मैच को हारने के एवज में पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने 18 लाख पौंड की रिश्वत ली थी। अखबार के मुताबिक 32 साल के हामिद ने नाटिंघम के एक होटल में अखबार के पत्रकार को यह जानकारी दी।
सोनिया गांधी लगातार चौथी बार अध्यक्ष निर्वाचित
Fri Sep 03 2010 18:07:41 GMT+0530 (India Standard Time)
विश्व की सबसे ताकतवर महिलाओं में शुमार सोनिया गांधी रिकार्ड चौथी बार कांग्रेस की अध्यक्ष बन गई हैं। पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष आस्कर फर्नांडीस ने आज औपचारिक तौर पर सोनिया गांधी को पार्टी अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित घोषित किया और उन्हें इस बाबत प्रमाण पत्र सौंपा। हम आपको बता दें कि सोनिया गांधी 1998 से लगातार पार्टी की अध्यक्षा हैं।
वे 125 वर्ष पुरानी पार्टी के अध्यक्ष पद पर सबसे लंबे समय तक रहने का रिकार्ड पहले ही बना चुकी हैं। एक बार को छोड़कर गांधी हर बार निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गई हैं। उन्हें अध्यक्ष पद के चुनाव में एक बार जितेंद्र प्रसाद ने चुनौती दी थी, लेकिन उन्हें भारी पराजय का सामना करना पड़ा था। किसी समय राजनीति में आने से बचती रहीं सोनिया गांधी ने पार्टी की कमान संभालने के बाद उसमें नई जान फूंकी और उसे एक बार फिर से सत्ता में पहुंचा दिया। उन्होंने एकला चलो की नीति से हटते हुए पार्टी को गठबंधन की राजनीति से जोड़ा, जिससे आठ साल के वनवास के बाद कांग्रेस 2004 के आमचुनाव में राजग को हराकर केंद्र में फिर से सत्ता में आ गई। आज सोनिया गांधी कांग्रेस ही नहीं, यूपीए गठबंधन की सर्वोच्च नेता हैं और उन्हीं की गाइडेंस में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की शानदार सरकार चल रही है।
मैच फिक्सिंग में श्रीलंकाई खिलाड़ी भी
Sun Sep 05 2010 15:09:32 GMT+0530 (India Standard Time)
मैच फ़िक्सिंग की फांस पाकिस्तानी खिलाड़ियों के लिए तो पहले से ही जंजाल बनी हुई है। लेकिन एक ब्रिटिश अख़बार की मानें तो अब एक श्रीलंकाई खिलाड़ी भी शक़ के घेरे में आ गया है। आईसीसी की एंटी-करप्शन यूनिट एक श्रीलंकाई खिलाड़ी की गतिविधियों पर नज़र रखे हुए है। श्रीलंकाई टीम के कुछ खिलाड़ियों ने टीम के कप्तान कुमार संगकारा को उस खिलाड़ी के बारे में जानकारी दी थी। यह खिलाड़ी देर रात को किसी संदिग्ध व्यक्ति के साथ देखा गया था। इतना ही नहीं श्रीलंकाई पुलिस ने भी उस खिलाड़ी से पूछताछ की है लेकिन अभी तक उस पर कोई आरोप नहीं लगा है। श्रीलंका क्रिकेट इस मामले को ज़्यादा तूल नहीं देना चाहता है। इस खिलाड़ी पर आईसीसी 2009 में हुए टी-20 वर्ल्ड कप से नज़र बनाए हुए है।